यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 38 आईएएस अफसरों के तबादले, कई जिलों में नए डीएम तैनात


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कुल 38 आईएएस अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें 8 जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) भी शामिल हैं।

जारी सूची के अनुसार, सैमुअल पाल को जौनपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि अनुज सिंह को मुख्यमंत्री के विशेष सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रिंकू सिंह राही को संयुक्त मजिस्ट्रेट जालौन नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि रिंकू सिंह राही हाल ही में कार्य न मिलने के कारण इस्तीफे को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसे उन्होंने बाद में वापस ले लिया था।

अन्य प्रमुख नियुक्तियों में मधुसूदन हुगली को देवरिया, आनंद वर्धन को मऊ, गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज, संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद, राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद और अंकित खंडेलवाल को सम्भल का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ का डीएम नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक ढांचे में अन्य महत्वपूर्ण बदलावों के तहत शिवसहाय अवस्थी को यूपी राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का सीईओ, अभिनव गोपाल को गोरखपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और अजय जैन को नगर निगम गोरखपुर का नगर आयुक्त बनाया गया है।


इसके अलावा, अलका वर्मा को विशेष सचिव वित्त एवं रजिस्ट्रार फर्म, चिट्स एवं सोसायटी, निधि बंसल को निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, दिनेश चंद्र को लोक निर्माण विभाग (PWD), प्रवीण मिश्रा को विशेष सचिव समाज कल्याण विभाग और रमेश रंजन को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद नियुक्त किया गया है।


अन्य नियुक्तियों में दिव्या मित्तल को विशेष सचिव, चंद्रशेखर को विशेष सचिव सिंचाई, नेहा जैन को केस्को की प्रबंध निदेशक (MD), समीर को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव एवं यूपी डेस्को के एमडी तथा सी इंदुमती को निदेशक महिला कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है।


सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनातियों से जिलों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



Post a Comment

0 Comments