लखनऊ, 18 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित 70वें रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल एवं पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर द्वारा विगत वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मंडल के कुल 255 कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में विभिन्न श्रेणियों के प्रतिनिधि कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल की उपलब्धियां कर्मचारियों की निष्ठा, कार्यकुशलता एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर तेजी से पुनर्विकास कार्य कराए जा रहे हैं। गोरखपुर कैंट-गोरखपुर तीसरी लाइन, करनैलगंज-घाघराघाट तीसरी लाइन तथा बहराइच-नानपारा खंड में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण किए गए हैं। इसके अलावा सिद्धार्थनगर एवं परसा में गुड्स टर्मिनल विकसित किए गए तथा कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार और ऊंचाई वृद्धि का कार्य भी संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मंडल के 34 स्टेशनों पर 80 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं तथा ‘रेलवन’ ऐप के माध्यम से डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लखनऊ सिटी स्टेशन को महिला प्रधान स्टेशन घोषित किया गया है। शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर हेरिटेज प्रदर्शनी, फोटो गैलरी, फव्वारा, टॉय ट्रेन एवं अन्य आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं।
डीआरएम ने कहा कि वर्ष 2025-26 में मंडल में 5.33 करोड़ यात्री यातायात दर्ज किया गया तथा माल यातायात में 4 प्रतिशत वृद्धि हुई। यात्री आय से 1409.18 करोड़ रुपये तथा माल लदान से 245.53 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि पार्सल आय के क्षेत्र में 17.72 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आय दर्ज की गई।
संरक्षा के क्षेत्र में मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक मंडल में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। इस दौरान 69 सुरक्षा अभियान चलाए गए तथा 18 सुरक्षा परिपत्र जारी किए गए। पर्यावरण संरक्षण के तहत 3 लाख 27 हजार पौधरोपण किए गए और विभिन्न स्टेशनों पर ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट स्थापित कर ऊर्जा बचत को बढ़ावा दिया गया। मंडल में कुल सौर ऊर्जा क्षमता 3500 किलोवाट तक पहुंच गई है।
रेल संपत्ति चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 63 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की गई, जबकि अवैध वेंडिंग, धूम्रपान एवं चेन पुलिंग के मामलों में 1082 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। कर्मचारी कल्याण के तहत गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों को आर्थिक सहायता, दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटर एवं व्हीलचेयर उपलब्ध कराए गए तथा कर्मचारियों एवं आश्रितों के स्वास्थ्य परीक्षण भी कराए गए।
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक स्तर एवं महाप्रबंधक स्तर पर सम्मानित किया गया। साथ ही संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को ‘स्टार परफॉर्मर अवार्ड’ भी प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि 70वें रेल सप्ताह समारोह में लखनऊ मंडल को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु 16 अंतरमंडलीय कार्यकुशलता शील्ड एवं ट्रॉफियां भी प्रदान की गईं। इनमें इंजीनियरिंग, वाणिज्य, सिग्नल, राजभाषा, कार्मिक, ऊर्जा दक्षता, स्वच्छता एवं नवाचार से जुड़ी कई प्रतिष्ठित शील्ड शामिल हैं। सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ व्यवस्थित स्टेशन का पुरस्कार तथा गोरखपुर जंक्शन को स्वच्छ स्टेशन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
समारोह के आरंभ में पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, शाखाधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने किया। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने दी।






0 Comments