डीआरएम आशीष जैन ने आरपीएफ कार्यालय का किया निरीक्षण, जवानों के लिए नई कैंटीन का शुभारंभ


वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने गुरुवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल जवानों की सुविधा के लिए नवस्थापित कैंटीन का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया गया। कैंटीन का फीता प्रभारी निरीक्षक अंजू लता द्विवेदी द्वारा काटा गया।

रेल प्रशासन द्वारा स्थापित इस कैंटीन का उद्देश्य रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों को उचित दरों पर दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराना, ड्यूटी के व्यस्त समय में बाहर जाने की आवश्यकता को कम करना तथा कर्मचारी कल्याण को बढ़ावा देना है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय परिसर में स्थापित यह कैंटीन आरपीएफ जवानों के लिए सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराएगी।


निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने मंडलीय अधिकारियों के साथ कैंटीन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता परखी। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान दिन-रात यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य एवं सुविधाओं का ध्यान रखना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कैंटीन आरपीएफ कर्मियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

इसके बाद डीआरएम ने कमान्डेंट कार्यालय भवन, परिसर, विभिन्न शाखाओं के कक्षों एवं उनकी कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, सुरक्षा उपकरणों तथा कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा रेलवे सुरक्षा बल इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, सहायक परिचालन प्रबंधक एस.के. राय एवं सहायक नगर इंजीनियर ए.के. पाण्डेय सहित रेलवे सुरक्षा बल के जवान एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी ने दी।




Post a Comment

0 Comments