मौसम विभाग की चेतावनी— तापमान में 3 से 5 डिग्री तक होगी बढ़ोतरी, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी सबसे ज्यादा प्रभावित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर अब और खतरनाक होने जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले पांच दिनों में प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए 18 और 19 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। तेज धूप और गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ेगा, खासकर बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में हालात ज्यादा गंभीर रह सकते हैं।
शनिवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा उरई में 43 डिग्री, झांसी और प्रयागराज में 42.8 डिग्री तथा आगरा में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। प्रशासन भी लोगों से सतर्क रहने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील कर रहा है।


0 Comments