ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, बलिया में एक दिवसीय उपवास पर बैठे आनंद स्वरूप शुक्ल


बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में रविवार को बलिया में भारतीय जनता पार्टी की ओर से अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। पूर्व मंत्री एवं पूर्व सदर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक दिवसीय उपवास पर बैठ गए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सपा के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और इसे सनातन एवं ब्राह्मण समाज का अपमान बताया।


पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के इशारे पर हिंदू धर्म, संत समाज और विशेष रूप से ब्राह्मण वर्ग के खिलाफ अत्यंत अशोभनीय टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार सनातन संस्कृति और हिंदू समाज को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को “नमाजवादी पार्टी” बताते हुए कहा कि यह पार्टी सुनियोजित तरीके से समाज में विभाजन पैदा करने का कार्य कर रही है।



उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। आनंद स्वरूप शुक्ल ने आरोप लगाया कि भाटी ने पहले भी ब्राह्मण समाज और भगवान श्रीराम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि इस तरह की बयानबाजी समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती है।



भाजपा नेताओं ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन और उपवास कार्यक्रम के माध्यम से जन-जन तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि हिंदू समाज और ब्राह्मण समाज के सम्मान के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।



उपवास कार्यक्रम को भाजपा नेता सीबी मिश्र, चंद्र प्रकाश पाठक, ट्विंकल सिंह, सत्येंद्र सिंह, बद्रीनाथ प्रजापति, अंजनी पांडेय, अंजनीलाल चौबे, अनूप वर्मा, राजू सिंह, प्रेम राय, शशिकांत चौबे, अखिलेश वर्मा, अरुण ओझा, अभिषेक सोनी, कन्हैया मिश्र, सुशील पांडेय, निखिल पाण्डेय एवं अजय पाण्डेय सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबी मिश्र ने की जबकि संचालन अनुभव सिंह ने किया। कार्यक्रम संयोजक मोहनीश पाण्डेय ने सभी आगंतुकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



Post a Comment

0 Comments