साफ-सफाई, पेयजल, परिचालन व्यवस्था और यार्ड संरक्षा पर दिए आवश्यक निर्देश
वाराणसी, 17 मई 2026। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन ने शनिवार को कादीपुर रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था तथा सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश द्वार, प्लेटफार्मों की साफ-सफाई, पैदल उपरिगामी पुल, सामान्य यात्री हाल, यात्री प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाओं तथा अनारक्षित टिकट काउंटरों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल बूथों एवं हैंडपंपों की व्यवस्था का भी जायजा लिया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत डीआरएम ने कादीपुर स्टेशन पैनल, इंटरचेंज प्वाइंट्स, टोकनलेस ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडिल, वीडर काउंटर, विफलता रजिस्टर, ऑपरेशन कैंसिलेशन एवं प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से स्टेशन की परिचालन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कादीपुर यार्ड में 204-ए प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान गेज परीक्षण, स्विच रेलों की उचित हाउसिंग तथा फेल-सेफ प्रणाली की जांच की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुरक्षण कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री आयुष कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी श्री अशोक कुमार ने दी।






0 Comments