बलिया में परशुराम जयंती पर सपा युवजन सभा का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि ने योगी सरकार पर बोला तीखा हमला


*👉गंगा बहुउद्देशीय सभागार में भव्य आयोजन, बोले—सिर्फ भाषण नहीं, ब्राह्मण समाज को चाहिए सम्मान और भागीदारी*

बलिया। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी की युवजन सभा द्वारा गंगा बहुउद्देशीय सभागार, बलिया में एक भव्य और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि ने शिरकत की और अपने संबोधन में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।


कार्यक्रम की शुरुआत अरविंद गिरि द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर की गई। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के मंत्रियों पर तीखा प्रहार किया।

अपने संबोधन में अरविंद गिरि ने कहा कि भाजपा सरकार मंचों से भगवान परशुराम और ब्राह्मण समाज का नाम तो लेती है, लेकिन जमीनी स्तर पर समाज को अपेक्षित सम्मान और सुरक्षा नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ब्राह्मण उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार इस पर गंभीर नहीं है।


उन्होंने कहा, “हमें सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि सम्मान और भागीदारी चाहिए। भगवान परशुराम ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष का मार्ग दिखाया था, आज हमें लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।”

इस अवसर पर गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बड़ी संख्या में युवजन सभा के पदाधिकारी, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तथा ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई, जहां युवाओं ने भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


अरविंद गिरि ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से शोषित, वंचित और सभी वर्गों के सम्मान के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को मजबूत करें।


कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान युवजन सभा के जिलाध्यक्ष, सपा के जिला स्तरीय पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से भर उठा।



Post a Comment

0 Comments