बलिया में अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात : 22 लाख की लागत से वादकारी भवन का उद्घाटन


*परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बोले—अब अधिवक्ताओं व वादकारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा*

बलिया। जनपद में अधिवक्ताओं को एक बड़ी सुविधा प्रदान करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जिलाधिकारी कार्यालय के पीछे नव-निर्मित वादकारी भवन का विधि-विधान से उद्घाटन किया। करीब 22 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का लोकार्पण जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया।


इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि वादकारी भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि खाली पड़ी जमीन का सदुपयोग करते हुए इस भवन का निर्माण कराया गया है, जिससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ वादकारियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।


उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर संतोष जताते हुए कहा कि नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है और कोई भी कार्य अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जो जल्द ही पूरी होकर जनता को समर्पित की जाएंगी।


कार्यक्रम में अधिवक्ता विपिन बिहारी सिंह, मदन लाल वर्मा, अयोध्या नाथ सिंह, राजेश श्रीवास्तव, महेश प्रताप सिंह, रविंद्र नाथ तिवारी, शैलेन्द्र सिंह, अमरीश पांडेय, हर्ष सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments