बलिया : एसपी ओमवीर सिंह ने किया पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, जौनपुर बना विजेता


बलिया, 24 अप्रैल। वीर लोरिक स्टेडियम, बलिया में आयोजित 75वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) 2026 का समापन पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह द्वारा गुरुवार को किया गया। इस प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया।


फाइनल मुकाबला जनपद जौनपुर और जनपद बलिया की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें जौनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बलिया की टीम उपविजेता रही। समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह टीम वर्क, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है और ऐसे खेल आयोजन तनाव को कम करने के साथ-साथ आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं।


इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, आपसी सौहार्द और खेल भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना और पेशेवर दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।


समापन समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी नगर श्री मो. उस्मान, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन श्री अक्षय कुमार, प्रतिसार निरीक्षक बलिया सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागी टीमों, रेफरी और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



Post a Comment

0 Comments