बलिया : सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में याद किए गए बाबू चंद्रिका प्रसाद, नेताओं ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण


स्वतंत्रता सेनानी व पूर्व सांसद की 27वीं पुण्यतिथि पर जुटे विभिन्न दलों के नेता

बलिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय बाबू चंद्रिका प्रसाद की 27वीं पुण्यतिथि रविवार को शहर के मिढ्ढी स्थित चंद्रिका सदन में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान स्व. चंद्रिका प्रसाद स्मारक समिति के सचिव दीपक श्रीवास्तव ने सरकार द्वारा नामित नगरपालिका सदस्या श्रीमती रीता पाण्डेय को अंगवस्त्रम एवं दुर्गा सप्तशती की पुस्तक प्रदान कर सम्मानित किया।

सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय चंद्रिका प्रसाद सर्वसुलभ एवं सर्वमान्य राजनेता थे। जिले के विकास की दिशा में उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और समाज के सभी वर्गों के लोगों के बीच उनकी गहरी स्वीकार्यता थी।

सभा की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी ने कहा कि साधारण परिवार में जन्मे बाबू चंद्रिका प्रसाद ने जंगे आजादी में भाग लिया और स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने लगातार 11 वर्षों तक बलिया जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद के रूप में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया।

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव डॉ. विजयानंद पाण्डेय ने कहा कि बाबू चंद्रिका प्रसाद के जनसेवा और विकास कार्यों से प्रभावित होकर आम जनता उन्हें स्नेहपूर्वक ‘बाबूजी’ कहकर पुकारती थी। उन्होंने कहा कि बाबूजी जनहित के कार्यों के लिए पैदल और रिक्शे से भी निकल पड़ते थे। उनका जीवन सादगी, सेवा और उच्च विचारों का प्रतीक था।

वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय चंद्रिका प्रसाद ने अपने राजनीतिक जीवन में जनसरोकारों को प्राथमिकता दी। उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि राजनीतिक विचारधाराओं से अलग होकर भी सभी वर्गों के लोगों के साथ उनके आत्मीय संबंध रहे। यही कारण है कि उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग एक मंच पर उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

इस मौके पर भाजपा नेता गोपाल सिंह, जितेंद्र तिवारी, लोकतंत्र सेनानी दयाशंकर श्रीवास्तव, नगरपालिका नेता निषिद्ध श्रीवास्तव, भाजपा नेत्री एवं नगरपालिका सदस्य रीता श्रीवास्तव, हृदयानंद गुप्ता, कायस्थ महासभा के जिला संरक्षक दयालशरण वर्मा, अभय कुमार श्रीवास्तव उर्फ विट्टू, शैलेश श्रीवास्तव, निशु श्रीवास्तव, अधिवक्ता शरवत मुईद, मदन सिंह, उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश महासचिव गिरीश कान्त मिश्रा गांधी, विशाल कुमार सिंह, अजय पटेल, छोटू पटेल, विवेक श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, शाहिद, आकाश, रंजीत कुमार, अरुण श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजक एवं स्वर्गीय चंद्रिका प्रसाद के पौत्र दीपक श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा का संचालन शिक्षक नेता धीरेन्द्र ओझा ने किया।