दूसरा गंभीर घायल, बीएचयू रेफर; तीन आरोपी हिरासत में, दो की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में गुरुवार की रात पाटीदारों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम सोनाडीह (दोथ) में अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. जितेन्द्र सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह का अपने पाटीदार रामकरण सिंह पक्ष से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान अमरेश बहादुर सिंह और मंजेश सिंह ने उसे समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर रामकरण सिंह तथा उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकूबाजी में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उभांव (सीयर) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जनपद मऊ रेफर किया गया। इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई। वहीं, मंजेश सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थिति की जानकारी ली। मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नामजद पांच आरोपियों में से घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला की वीडियो बाइट👇*

