लखनऊ। प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इनमें दो जिलाधिकारियों को भी बदला गया है। जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को बहराइच का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स समीर को जालौन का जिलाधिकारी बनाया गया है।
झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है। बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी बी. सूदन को झांसी का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर तैनात पंकज वर्मा को बाराबंकी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
छह पीसीएस अधिकारियों की भी तैनाती बदली
प्रदेश सरकार ने छह पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। सुशील प्रताप सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का सचिव बनाया गया है। वह अब तक कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय के पद पर तैनात थे।
एलडीए में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत अतुल कुमार को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बदायूं के उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति), कानपुर नगर बनाया गया है। गोंडा के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सिंह को उपनिदेशक (प्रशासन), युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के पद पर भेजा गया है।
झांसी के नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), गोंडा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कुशीनगर के उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह को झांसी का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

