बलिया, 11 सितंबर 2026। पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग पर सहमति बनने के बावजूद भारत सरकार द्वारा इसे लागू न किए जाने, समान PLI भुगतान तथा अन्य लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा व्यापक आंदोलन की घोषणा की गई है। आंदोलन के क्रम में UFBU एवं भारत सरकार के मध्य केंद्रीय श्रम आयुक्त (CLC) के माध्यम से कई चरणों में वार्ता हुई, किंतु वार्ता किसी सकारात्मक एवं ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुँच सकी।
उक्त आंदोलन के समर्थन में ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIRRBEA) एवं यूनाइटेड फोरम ऑफ ग्रामीण बैंक यूनियंस (UFGBU) द्वारा पूर्ण सहभागिता करते हुए आज दिनांक 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी हड़ताल का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त साथियों ने हड़ताल में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हड़ताल के दौरान बलिया क्षेत्र की समस्त शाखाओं में पूर्ण तालाबंदी रही। क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी, प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री चंदन सिंह, सचिव श्री विक्रांत सिंह तथा श्री धर्मवीर सिंह, श्री पुष्कर कुमार, श्री विक्रमादित्य सिंह, श्री चंदन दीक्षित, श्री शशि, श्री बिट्टू कुमार, श्री अशोक कुमार यादव, श्री रोहित एवं श्री नित्यानंद पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा— “आज की हड़ताल पूर्णतः सफल रही है। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी एकता एवं संगठनात्मक शक्ति का परिचय देते हुए सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि उनकी न्यायोचित मांगों की अब और उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी।”
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं तीव्र किया जाएगा। आंदोलन के आगामी चरण में दिनांक 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी तथा इसके उपरांत 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ की जाएगी।
सभा की अध्यक्षता श्री राजेश सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अब तक प्राप्त अधिकांश सुविधाएँ लंबे एवं संगठित संघर्ष का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने संघर्ष के माध्यम से राष्ट्रीयकृत बैंकों के समान भत्ते एवं अन्य सुविधाएँ प्राप्त करने के लिए सरकार और प्रबंधन को बाध्य किया है तथा पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग भी पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
सभा को श्री पंकज कुमार, श्री चंदन सिंह, श्री अभिषेक गौतम, श्री हेमंत कुमार, श्री प्रशांत गुप्ता, श्री लक्ष्मण कुमार, श्री ओ.पी. सिंह, श्री विनायक श्रीवास्तव, श्री अमित, श्री राजन, श्री मोहितेश एवं श्री रौशन सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। सभा एवं प्रदर्शन में सैकड़ों अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी मांगों के प्रति पूर्ण एकजुटता व्यक्त की।
आज की सफल हड़ताल ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी न्यायोचित मांगों के प्रति पूरी तरह एकजुट हैं तथा मांगों के सम्मानजनक समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

