*सीसीटीवी से लेकर पटलों तक की जांच, आरटीओ प्रवर्तन ने परखी व्यवस्था*
*एआरटीओ कार्यालय में व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त, निरीक्षण में सभी कैमरे मिले चालू*
*औचक निरीक्षण में परखी कार्यालय की कार्यप्रणाली, सुधार के दिए निर्देश*
बलिया। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन गोरखपुर श्री संजीव कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, बलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा विभिन्न पटलों के कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन श्री अरुण कुमार राय को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें सभी कार्यालय कर्मी उपस्थित पाए गए। कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की भी जांच की गई।
निरीक्षण में कुल सात कैमरे लगे पाए गए, जिनमें दो कार्यालय परिसर तथा पांच कार्यालय भवन के भीतर स्थापित हैं। सभी कैमरे क्रियाशील मिले। कैमरों की रिकॉर्डिंग के संबंध में पूछताछ करने पर डीबीए प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि 15 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाती है।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर एवं मुख्य भवन में किसी भी अनधिकृत या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने नहीं आई। कार्यालय में शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण में आउटसोर्स कर्मचारियों की स्थिति भी देखी गई। कार्यालय में सृजित दो वेंडर पदों के सापेक्ष डाटा एंट्री ऑपरेटर/सुपरवाइजर के रूप में राकेश कुमार गुप्ता एवं शिवम सिंह कार्यरत पाए गए। इसके अलावा डीबीए के पद पर प्रदीप कुमार सिंह आउटसोर्स के माध्यम से तैनात हैं।
निरीक्षण के दौरान सभी नियमित एवं आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा पहचान पत्र धारण किया गया था।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरुण कुमार राय ने बताया कि कार्यालय भवन की मरम्मत तथा बाउंड्री के उच्चीकरण का कार्य कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड बलिया द्वारा कराया जा रहा है। आरटीओ प्रवर्तन गोरखपुर ने कार्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।




