भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 युवतियों और 12 युवकों समेत कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर शनिवार को विशेष टीम ने अचानक दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सेंटर में प्रवेश के लिए ग्राहकों से 500 रुपये फीस ली जाती थी। इसके बाद अंदर मौजूद युवतियों के साथ अलग से लेनदेन किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब सेंटर के संचालक और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
छापेमारी के बाद हिरासत में लिए गए सभी युवक-युवतियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्पा सेंटर में गतिविधियां किस स्तर तक संचालित थीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

