उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट, तुलसी पौधा भेंट कर जताया सम्मान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने राजधानी स्थित राजभवन में संयोजक प्रभात त्रिपाठी के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से औपचारिक एवं शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समिति की ओर से राज्यपाल को तुलसी का पौधा सम्मान स्वरूप भेंट किया गया तथा एक आभार पत्र भी सौंपा गया।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारों को समाज में प्रगतिशील और सकारात्मक विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ऐसे व्यक्तित्वों को प्रमुखता से सामने लाया जाना चाहिए, जिन्होंने जमीनी स्तर से उठकर अपने कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय योगदान दिया हो और उच्च सम्मान जैसे पद्म विभूषण तक पहुंचे हों। इससे समाज में प्रेरणा का संचार होता है।
राज्यपाल ने राजभवन में किए जा रहे नवीन कार्यों की जानकारी साझा करते हुए पत्रकारों को सतत सक्रिय और नवाचार की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी को आमंत्रित करते हुए कहा कि वह आगामी रविवार को पांच पत्रकारों के साथ पुनः राजभवन आएं और यहां के विकास कार्यों को नजदीक से देखें। इस आमंत्रण से समिति के पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का परिचय राज्यपाल से कराया। राज्यपाल ने सभी को बधाई देते हुए समिति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पत्रकारों से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष शेखर पंडित, महासचिव ज्ञानेश पाठक, उपाध्यक्ष अमन अग्रवाल, जितेंद्र कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह (के.के.), कोषाध्यक्ष विक्रम राव, संयुक्त सचिव दीपक अवस्थी सहित कार्यकारिणी सदस्य और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह पहला अवसर रहा जब इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एक साथ राजभवन में राज्यपाल से विधिवत भेंट कर संवाद स्थापित किया। अंत में संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए आगामी मई या जून माह में प्रस्तावित समिति के एक बड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध भी किया।



0 Comments