बलिया : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा टाउनहॉल मीटिंग का भव्य एवं सफल आयोजन


बलिया, दिनांक 22.04.2026। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय बलिया-1 में आज दिनांक 22 अप्रैल 2026 को माननीय महाप्रबंधक श्री बी.के. ठाकुर जी की गरिमामयी उपस्थिति में एक भव्य टाउनहॉल मीटिंग का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर क्षेत्र के समस्त शाखा प्रबंधक, क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बैंक की भावी कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना, वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करना तथा शाखा स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। अपने उद्बोधन में महाप्रबंधक श्री ठाकुर जी ने बैंक के विजन, मिशन एवं मूल उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वर्तमान प्रतिस्पर्धी बैंकिंग परिवेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नवाचार, पारदर्शिता एवं ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को अत्यंत आवश्यक बताया।

उन्होंने कहा कि “टीम भावना, अनुशासन, जवाबदेही एवं परिणाम-आधारित कार्यशैली के माध्यम से ही हम निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकते हैं।” उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को अपनी-अपनी शाखाओं में नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए व्यवसाय वृद्धि, गुणवत्ता सुधार एवं ग्राहक संतुष्टि को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

महाप्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए निर्धारित प्रमुख व्यावसायिक लक्ष्यों पर विशेष बल दिया गया, जिनमें 12% जमा वृद्धि एवं 18% अग्रिम वृद्धि, एनपीए स्तर को 6% से नीचे बनाए रखना, आरसीटी दक्षता को उच्च स्तर (>98% / >85%) पर बनाए रखना तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम विस्तार शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से “Digital-First” दृष्टिकोण को अपनाने, अधिकाधिक ग्राहकों को मोबाइल एवं इंटरनेट बैंकिंग से जोड़ने तथा वित्तीय समावेशन को गति देने पर जोर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) रोलओवर, बीमा योजनाओं एवं डिजिटल उत्पादों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से व्यवसायिक वृद्धि को नई दिशा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान विभिन्न व्यावसायिक मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शाखा प्रबंधकों को महाप्रबंधक महोदय द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे समस्त टीम में उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार हुआ।

इस दौरान बलिया-1 के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुधीर कुमार शुक्ला, मुख्य प्रबंधक श्री आलोक मोहन खरे, वरिष्ठ प्रबंधक श्री मृ्त्युंजय कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक श्री दीपक सिंह एवं वरिष्ठ प्रबंधक श्री सुनील कुमार पांडेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रेरणा मासूम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय कार्यालय बलिया-1 की ओर से यह संकल्प व्यक्त किया गया कि समस्त टीम पूर्ण समर्पण, प्रतिबद्धता एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करेगी तथा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक को प्रगति एवं उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगी।



Post a Comment

0 Comments