*बलिया प्रशासन अलर्ट : आग से बचाव के लिए जारी किए गए निर्देश*
*गर्मी में बढ़ते खतरे को देखते हुए बलिया में फायर सेफ्टी एडवाइजरी जारी*
बलिया। जिले में बढ़ती गर्मी और उससे जुड़ी आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने जनसामान्य की सुरक्षा के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें घर, दुकान और खेतों में आग से बचाव के उपाय बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं, इसलिए सभी नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
*आग से बचाव के प्रमुख उपाय*
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों की विद्युत वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं और केवल आईएसआई मार्क वाले उपकरणों का ही उपयोग करें। एक ही सॉकेट में कई उपकरण लगाने से बचें। गैस सिलेंडर को हमेशा सीधा रखें और पाइप व रेगुलेटर की नियमित जांच करते रहें। रसोई में अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी बताया गया है। साथ ही बच्चों को माचिस और लाइटर से दूर रखने की सलाह दी गई है। सोते समय सभी विद्युत उपकरण बंद करने पर भी जोर दिया गया है। दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रखने, उसकी वैधता जांचने और विद्युत तारों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण न करने और आपातकालीन मार्ग को खुला रखने पर भी विशेष बल दिया गया है।
*खेतों के लिए विशेष सावधानी*
किसानों को फसल अवशेष जलाने से बचने और खेतों के आसपास पानी की व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है। बिजली के तारों के नीचे सूखी घास या फसल का भंडारण न करने की हिदायत दी गई है।
*आग लगने पर क्या करें*
अगर कहीं आग लग जाए तो तुरंत फायर ब्रिगेड (101), पुलिस (112) और आपदा नियंत्रण कक्ष (107) को सूचना दें। घबराने के बजाय शांत रहकर सुरक्षित स्थान पर जाएं। लिफ्ट का उपयोग न करें, केवल सीढ़ियों का सहारा लें। यदि कपड़ों में आग लग जाए तो “रुकें, लेटें और लुढ़कें” (Stop, Drop, Roll) का पालन करें। धुएं से बचने के लिए झुककर या घुटनों के बल चलने की सलाह दी गई है।
*क्या न करें*
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिजली से लगी आग पर पानी का इस्तेमाल न करें। अफवाहों से दूर रहें और भीड़ इकट्ठा न करें। गैस रिसाव की स्थिति में बिजली के स्विच ऑन या ऑफ करने से बचें। बिना प्रशिक्षण के आग बुझाने की कोशिश न करें, खासकर रासायनिक आग में। अपर जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इन निर्देशों का पालन कर खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखें, ताकि गर्मी के मौसम में अग्निकांड की घटनाओं को कम किया जा सके।


0 Comments