डीआईजी, डीएम व एसपी ने आरक्षियों संग किया संवाद, खुद परोसा भोजन
बलिया। पुलिस लाइन बलिया में रिक्रूट आरक्षियों की प्रस्तावित दीक्षांत परेड से पूर्व मंगलवार को पारंपरिक “बड़ा खाना” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह ने जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह की उपस्थिति में रिक्रूट आरक्षियों के साथ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लगभग 11 माह के कठोर और अनुशासित प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने पर आरक्षियों की सराहना की। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों को भविष्य में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुलिस सेवा के मूल्यों, जनसेवा की भावना और कर्तव्यपरायणता को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
इस दौरान एक विशेष और आत्मीय दृश्य तब देखने को मिला, जब वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रिक्रूट आरक्षियों को भोजन परोसकर उनका हौसला बढ़ाया। सभी अधिकारियों और प्रशिक्षु आरक्षियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, जिससे आपसी समन्वय, सौहार्द और टीम भावना को और अधिक मजबूती मिली।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके ये रिक्रूट आरक्षी जल्द ही पासिंग आउट परेड में शामिल होकर उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनेंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जनपद पुलिस द्वारा ऐसे आयोजनों के माध्यम से नवप्रशिक्षित आरक्षियों का मनोबल बढ़ाने और उनमें संगठन के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपा शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री दिनेश कुमार शुक्ल, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशिक्षु आरक्षी उपस्थित रहे।







0 Comments