बलिया। पूर्व मंत्री और ‘शेर-ए-पूर्वांचल’ के नाम से विख्यात बच्चा पाठक की 9वीं पुण्यतिथि वृहस्पतिवार को शहर के कदम चौराहा पर श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन एकत्र हुए और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजनीति में नेता और जनता का रिश्ता केवल औपचारिक नहीं, बल्कि एक परिवार जैसा होता है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बच्चा पाठक का व्यक्तित्व ऐसा था, जिसने उन्हें हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय और आत्मीय बना दिया। वे न केवल एक सशक्त नेता थे, बल्कि जनसेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित व्यक्तित्व भी थे।
सभा में वक्ताओं ने स्व. बच्चा पाठक के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में जनता की सेवा को सर्वोपरि रखा और हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे। उनका सरल स्वभाव, दृढ़ नेतृत्व और जनहित के प्रति समर्पण आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजक सियाराम यादव को कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से अंगवस्त्र, माल्यार्पण और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वीरेन्द्र पाठक (टुनजी), कमलेश कुमार सिंह, राघवेन्द्र सिंह, अवध बिहारी चौबे, ओमप्रकाश पांडेय, सागर सिंह राहुल, सौरभ पाठक, दीपक तिवारी, शंकर भोला, अनुप पाण्डेय, राघव सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनार्दन राय ने की, जबकि संचालन संतोष तिवारी ने किया। अंत में आयोजक सियाराम यादव ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. बच्चा पाठक के आदर्श और उनकी जनसेवा की भावना हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।




0 Comments