बलिया। पूर्व निर्धारित सूचना के क्रम में तुरैहा समाज कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश (बलिया) की एक आवश्यक बैठक दिनांक 1 फरवरी 2026 (रविवार) को शनिचरा बाबा स्थान, बलिया में सम्पन्न हुई। बैठक में तुरैहा समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने में आ रही गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने तहसील स्तर पर कर्मचारियों द्वारा प्रमाण पत्र निर्गत करने में की जा रही हिला-हवाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसकी घोर निंदा की। समाज के लोगों ने कहा कि बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिससे छात्रों, युवाओं एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के स्थायी समाधान हेतु बैठक में पांच सदस्यीय संगठन समिति का गठन किया गया, जो संबंधित अधिकारियों से संवाद स्थापित कर जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने की प्रक्रिया को तेज कराने का कार्य करेगी। गठित समिति में जितेंद्र तुरैहा (जिलाध्यक्ष), जगन्नाथ तुरैहा, विजय शंकर तुरैहा (एडवोकेट), उमेश तुरैहा एवं योगेंद्र तुरैहा को शामिल किया गया।
बैठक में बलिया नगर पालिका क्षेत्र के कई सम्मानित व्यक्तियों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से जगन्नाथ तुरैहा, गुलाब तुरैहा, ललन तुरैहा, सुदर्शन तुरैहा, मिठाई तुरैहा, गोपी बाबा तुरैहा तथा बैरिया से विजय शंकर तुरैहा एडवोकेट एवं योगेंद्र तुरैहा की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाज स्तर पर आगे की रणनीति तय कर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।


0 Comments