बलिया। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 10 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह द्वारा थाना नरही का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना भवन, परिसर स्थित मेस एवं बैरकों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई व व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना मालखाना एवं थाना कार्यालय में संधारित महत्वपूर्ण रजिस्टरों—जैसे अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद, हिस्ट्रीशीटर (एच.एस.), महिला उत्पीड़न, हत्या, बलवा, गुमशुदा एवं पासपोर्ट रजिस्टर—का गहन अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर थाना नरही स्थित महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां कार्यरत कर्मियों से उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली गई तथा रजिस्टर में अंकित शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबरों पर फोन कर पुलिस की कार्यवाही के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया।
निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर एवं सीसीटीएनएस कक्ष का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस कर्मियों से सभी फार्मों की फीडिंग की जानकारी ली। उन्होंने पंजीकरण, गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती, ऑनलाइन केस डायरी, जीडी आदि की समय से फीडिंग, थाने का डाटा नियमित रूप से सिंक कराने तथा ऑनलाइन IGRS से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण कर जांच आख्या अपलोड करने के निर्देश दिए, जिससे कोई भी प्रकरण डिफाल्टर न रहे और जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर एवं कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को 24×7 चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर या इनवर्टर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सक्रिय रहे।
निरीक्षण के दौरान यक्ष (YAKSH) ऐप को अपडेट रखने पर भी जोर दिया गया। यह उत्तर प्रदेश पुलिस का एक उन्नत एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो अपराधियों पर रियल-टाइम निगरानी एवं अपराध नियंत्रण को मजबूत करता है।
इसके साथ ही साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिसकर्मियों एवं आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड एवं डिजिटल उत्पीड़न जैसे अपराधों से सतर्क रहने पर बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने IRAD ऐप के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं की फोटो सहित समय पर फीडिंग तथा डायल 112 से प्राप्त शिकायतों की कार्यवाही का इवेंट क्लोजर समय से अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना नरही परिसर में नवनिर्मित मेस का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को थाना परिसर की स्वच्छता, रजिस्टरों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, कंप्यूटर उपकरणों की देखरेख एवं शस्त्रागार में रखे शस्त्रों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।










0 Comments