बलिया : जमींदारी प्रथा के खिलाफ संयुक्त व्यापार मंडल का ऐलान, व्यापारियों के उत्पीड़न पर नहीं होगी कोई समझौता


बलिया। संयुक्त व्यापार मंडल बलिया की एक महत्वपूर्ण बैठक श्री टुनटुन जी सराफ, जिला अध्यक्ष उद्योग व्यापार प्रचलित मंडल बलिया के निवास पर आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्री अभिषेक सोनी ने किया।

बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और हितों पर गंभीर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि व्यापारियों का किसी भी रूप में उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसके विरोध में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। साथ ही यह भी तय हुआ कि बलिया शहर सहित पूरे जनपद में जहां कहीं भी जमींदारी प्रथा जैसी अवैध व्यवस्था चल रही है, उसे तत्काल समाप्त कराया जाए। इसके लिए जिलाधिकारी महोदय से सभी तहसीलों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई।

व्यापार मंडल ने यह भी आग्रह किया कि जमींदारी प्रथा के नाम पर हो रहे किसी भी अन्याय के मामलों में पुलिस विभाग सख्त कार्रवाई करे और तथाकथित जमीदारों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं।

बैठक से पूर्व अभिषेक सोनी ने उपस्थित सभी व्यापारी नेताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अंत में अरविंद गांधी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एकता में ही शक्ति है। उन्होंने जमींदारी प्रथा को मानवता के विरुद्ध बताते हुए कहा कि यह मनुष्य के मूल अधिकारों, सम्मान और गरिमा के खिलाफ है तथा भारतीय संविधान की उद्देशिका, नीति निर्देशक तत्वों और अनुच्छेद 14 में निहित समानता के सिद्धांत के विपरीत है। उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में जिलाधिकारी बलिया से शिकायत की जा चुकी है और उम्मीद जताई कि इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे जनपद से जमींदारी प्रथा का उन्मूलन किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख रूप से विजय शंकर गुप्ता (अध्यक्ष, चेंबर ऑफ कॉमर्स बलिया), प्रदीप वर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल), रजनीकांत सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल), सुनील परख (प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल), अनिल कुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष मंजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष राहुल कुमार गुप्ता, श्याम जी रौनियार (महामंत्री, भाजपा शहर मंडल), युवा जिला अध्यक्ष आकाश पटेल, संत कुमार गुप्ता सहित अनेक व्यापारी नेता उपस्थित रहे और अपने-अपने विचार व्यक्त किए।



Post a Comment

0 Comments