बलिया के जिलाधिकारी ने युवा लेखक अभिषेक मिश्रा की पुस्तक ‘डिजिटल डिप्रेशन: एक नई महामारी’ का किया विमोचन


बलिया। युवा लेखक अभिषेक मिश्रा द्वारा लिखित नवीनतम पुस्तक ‘डिजिटल डिप्रेशन: एक नई महामारी’ का विमोचन आज जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अपने कार्यालय में किया। लेखक ने जिलाधिकारी को पुस्तक की प्रति ससम्मान भेंट की, जिसे जिलाधिकारी ने वर्तमान समय की दृष्टि से अत्यंत प्रासंगिक और समाजोपयोगी बताया।

विमोचन के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने लेखक से पूछा “आप किन आधारों पर मानते हैं कि डिजिटल डिप्रेशन एक ‘महामारी’ बन चुका है?”

इस पर लेखक अभिषेक मिश्रा ने शोधपरक उत्तर देते हुए कहा कि “महामारी केवल बीमारी का चिकित्सीय शब्द नहीं होता, बल्कि वह स्थिति है जो तेजी से, बड़े पैमाने पर और हर घर में चुपचाप फैलती जाती है। बढ़ती डिजिटल निर्भरता, स्क्रीन टाइम, सोशल मीडिया तुलना और इंटरनेट एडिक्शन के कारण आज बच्चे, युवा और वयस्क मानसिक तनाव, अकेलापन, अनिद्रा और भावनात्मक असंतुलन का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टें इस समस्या को आधुनिक मानसिक स्वास्थ्य संकट के रूप में रेखांकित कर चुकी हैं। जब कोई समस्या परिवार, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सभी को प्रभावित करने लगे तो वह ‘मौन महामारी’ बन जाती है। मेरी यह पुस्तक इसी संकट को सरल भाषा में समझाने का प्रयास है।”

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने लेखक के उत्तर की सराहना करते हुए कहा “युवा लेखक द्वारा इतना संवेदनशील और समसामयिक मुद्दा उठाना समाज को जागरूक करने की दिशा में प्रशंसनीय कदम है। आज तकनीक के संतुलित उपयोग की सबसे अधिक आवश्यकता है।”

इस अवसर पर लेखक अभिषेक मिश्रा ने कहा “तकनीक का उद्देश्य सुविधा है, बोझ नहीं। यह पुस्तक उसी संतुलन को स्थापित करने का एक छोटा प्रयास है।”

अंत में जिलाधिकारी महोदय ने लेखक को उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।



Post a Comment

0 Comments