बलिया में देशभक्ति की गूंज : जिलाधिकारी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकली


डीएम ने कहा – “हर घर, हर दिल में लहराए तिरंगा”

बलिया। आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत बलिया शहर में बुधवार को देशभक्ति से सराबोर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली का नेतृत्व जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने किया, जिसमें हजारों की संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक शामिल हुए।


तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पुलिस लाइन से हुआ, जो कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, शहीद पार्क चौक, रेलवे स्टेशन, चित्तू पाण्डेय चौराहा, रेलवे क्रॉसिंग, टीडी कॉलेज चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य समापन के साथ सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण को गूंजा दिया।


कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीआरओ त्रिभुवन सिंह सहित जिले के समस्त पुलिस बल, विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने इस अवसर पर जनपदवासियों से भावपूर्ण अपील की :–

“हम सब मिलकर आजादी के इस पर्व को एक महाअभियान के रूप में मनाएं। अपने घरों, संस्थानों और छतों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं, ताकि हर गली-मोहल्ला राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो।”

भव्य तिरंगा यात्रा ने बलिया की सड़कों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और लोगों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और प्रबल किया।





Post a Comment

0 Comments