संकल्प संस्था के समर कैंप का भव्य समापन, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
बलिया। संकल्प साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था, बलिया द्वारा आयोजित 30 दिवसीय समर कैंप का समापन शनिवार की देर शाम होटल नन्द रेजिडेंसी में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उमंग’ के साथ हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने अभिनय, गायन, नृत्य, काव्य-पाठ एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद के वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, पर्यावरणविद् डॉ. गणेश पाठक, अजय कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश सिन्हा तथा सामाजिक कार्यकर्ता अर्चना दुबे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आनंद दुबे ने कहा कि बच्चों में असीम संभावनाएं छिपी होती हैं, जिन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उन्हें खेल-खेल में सीखने का अवसर दिया जाए तो वे अधिक तेजी से सीखते हैं। संकल्प संस्था का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है। बच्चों की प्रतिभा देखकर मैं अत्यंत प्रभावित हूं। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद बच्चों ने कवि केदारनाथ सिंह, माखनलाल चतुर्वेदी और भवानी प्रसाद मिश्र की रचनाओं का प्रभावशाली काव्य-पाठ किया। वहीं ‘लाख की नाक’, मोबाइल के दुरुपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटकों के मंचन ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से ध्वनि, वायु और जल प्रदूषण रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में बच्चों ने देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों के साथ-साथ शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। समर कैंप के दौरान बच्चों को अभिनय का प्रशिक्षण ट्विंकल गुप्ता एवं राहुल चौरसिया ने, गायन का प्रशिक्षण पंकज कुमार ने, नृत्य का प्रशिक्षण प्रकृति त्रिवेदी ने तथा पेंटिंग एवं क्राफ्ट का प्रशिक्षण आलिया विश्वकर्मा एवं उत्कर्ष ने प्रदान किया।
कैंप के सफल संचालन में रितिक गुप्ता, प्रियांशु चतुर्वेदी, रिया वर्मा, खुशी कुमारी और भाग्यलक्ष्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश सोनी ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रकृति त्रिवेदी ने किया, जबकि संस्था के सचिव आशीष त्रिवेदी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में बच्चों के अभिभावकों के साथ शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, साहित्यकार, कलाकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।





0 Comments