पूर्वोत्तर रेलवे : सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाये जाने के क्रम में आज सतर्कता सेमिनार का आयोजन

गोरखपुर 02 नवम्बर, 2022: सम्पूर्ण भारतीय रेल पर 31 अक्टूबर से 06 नवम्बर, 2022 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाये जाने के क्रम में 02 नवम्बर, 2022 को क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण सस्थान, गाजीपुर में ’’भ्रष्टाचार मुक्त भारत-विकसित भारत’’ विषय पर सतर्कता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार के मुख्य अतिथि भूतपूर्व मुख्य परिचालन प्रबन्धक श्री राकेश त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन किया और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य श्री संजय कुमार राय ने अतिथियों का स्वागत किया।


मुख्य अतिथि श्री राकेश त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में भ्रष्टाचार के अर्थ को समझाते हुए उसके प्रकार और उसके निदान पर विस्तार से चर्चा की। लोक सेवक के द्वारा भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न आयामों को रेखांकित किया साथ ही भारत को विकसित देश बनाने के लिए सरकारी कर्मचारियों सहित पूरे समाज की नैतिक मूल्यों के संवर्धन पर बल दिया।

सेमिनार में उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/यातायात श्री जय प्रकाश सिंह ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश की महती आवश्यकता है। सरकार द्वारा डिजिटलाइजेशन एवं सूचना तकनीकी के वृहद उपयोग के माध्यम से भारतीय रेलवे में भी भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोकथाम के लिए रेलवे प्रशासन सतत प्रयासरत है। जिनमें अभी हाल के कामर्शियल निविदा में ई-ऑक्शन पॉलिसी को लांच किया गया एवं टिकट चेकिंग स्टाफ को एचएचटी (हैंड हेल्ड टर्मिनल) उपलब्ध कराकर लाबी का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्री सुविधाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी।

गाजीपुर के ख्याति प्राप्त साहित्यकार श्री गंगेश जी ने दैनिक जीवन में घटने वाली कई उदाहरणों के माध्यम से भ्रष्टाचार के बारे में विस्तार से चर्चा किया तथा साहित्यकार श्री अमरनाथ तिवारी ने छंद के माध्यम से भ्रष्टाचार पर अपने विचार रखे। 

एक अन्य कार्यक्रम में ’’भ्रष्टाचार मुक्त भारत-विकसित भारत’’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गयी। क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि श्री त्रिपाठी ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया एवं मुख्य अनुदेशक श्री लवलेश राय के द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संगोष्ठी का संचालन श्री सुनील कुमार सिंह/वरिष्ठ अनुदेशक द्वारा किया गया।

 (पंकज कुमार सिंह)

 मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।




Comments