मुंगेर के धराहरा में सनकी पति ने ससुराल आकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद खुद फंदे से झूल गया। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच गुरुवार रात लड़ाई हुई थी। इसके बाद दोनों की लाश मिली। शुक्रवार सुबह देर तक जब कमरा नहीं खुला तो परिजन दरवाजा खटखटाने लगे। अंदर से कोई आवाज नहीं आई और न ही दरवाजा खुला। तब परिजनों ने खिड़की से देखा तो एक का शव फंदे से झूल रहा था। वहीं, पत्नी के गले में मफलर लगा था। वह भी बेड पर पड़ी थी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर परिजन घर में घुसे। अंदर गए तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
रात में पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद :
10 महीने पहले मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के मनोज यादव की बेटी शिवानी कुमारी की शादी गोड्डा जिले के पत्थरगामा गांव के मनोरंजन पंजियार के पुत्र गंगा पंजियारा से हुई थी। शादी के बाद दोनों अपने अपने परिवार में बराबर आ जा रहे थे। गुरुवार शाम गोड्डा से गंगा अपने ससुराल आया था। शिवानी की मां निर्मला देवी ने बताया, ‘मेरे पति मनोज यादव और मेरा बड़ा बेटा दिल्ली में काम करता है।
घर में मेरे अलावा मेरा छोटा बेटा और बेटी शिवानी ही थी। शाम में दामाद घर आया था। बेटी भी यहीं थी। सरस्वती पूजा में उसे ले जाने के लिए वह आया था। खाना खाने के बाद दोनों में विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों कमरे में सोने चले गए तो हम लोग भी सो गए। सुबह जब काफी देर तक उसका दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांककर देखा। दामाद पंखे से झूल रहा था और बेटी बिस्तर पर पड़ी हुई थी।
क्या बोले थानाध्यक्ष :
मृतक महिला की मां ने बताया, ‘दरवाजा तोड़कर देखा तो मेरी बेटी के गले में मफलर बंधा था। शायद उसके पति ने मफलर से ही गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में खुद पंखे से झूल कर आत्महत्या कर ली।’ परिजनों ने इसकी जानकारी धरहरा थाना को दी।
इस संबंध में धरहरा थाना अध्यक्ष रोहित सिंह ने बताया, ‘मनोज यादव के घर पुलिस गई थी। कमरे से दो शव बरामद किए गए हैं। गंगा पंजियारा का शव पंखे से झूल रहा था तो उसकी पत्नी शिवानी भी बिस्तर पर मृत पाई गई। गंगा पंजियारा के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। अभी तक आवेदन नहीं आया है।’
साभार-The Voice of Bihar
0 Comments