महाप्रबंधक ने आज वाराणसी मंडल पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक




वाराणसी 22 जनवरी, 2022; महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे श्री अनुपम शर्मा ने अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे में आज 22 जनवरी, 2022 को मंडल कार्यालय के प्रेमचंद सभागार कक्ष में श्री राजीव कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण, श्री एस.के. पाण्डेय, प्रमुख मुख्य इंजीनियर, श्री पन्ना लाल, मुख्य इंजीनियर निर्माण, श्री रामाश्रय पाण्डेय, मंडल रेल प्रबंधक, श्री राहुल श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य प्रशासन), श्री ज्ञानेश त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा), श्री एस.पी.एस.यादव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारियों एवं निर्माण संगठन के अधिकारीयों के साथ वाराणसी मंडल पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक के दौरान उन्होंने वाराणसी मंडल पर वर्तमान वित्तीय वर्ष में दोहरीकरण समेत विभिन्न विकास योजनाओं के लिए आवंटित बजट, कार्य योजनाएँ, समय सीमा एवं कार्य के दौरान आने वाली भौतिक एवं व्यवहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर सामान्य रेल यातायात को कम से कम प्रभावित करते हुए पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडल के वार्षिक बजट एवं आय/व्यय, रेल मद्द पर दर्ज होने वाली शिकायतों, न्यायालयों में लम्बित मामलों तथा समयपालन की भी समीक्षा की। उन्होंने मंडल की आय में वृद्धि तथा खर्च में मितव्ययिता किये जाने का सुझाव देते हुये कहा कि इस दिशा में मंडल को  सदैव सजग रहना होगा। समयपालन को सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने निर्देश दिया कि समयपालन की राह में आ रहे अवरोधों यथा काशन आर्डर एवं स्थाई गतिअवरोधों की निगरानी करने और अवरोधों को दूर कर ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन सुनिश्चित किया जाए। यात्री सुविधा के क्षेत्र में शिकायतों को न्यून करने के लिए ठोस कदम उठाये जाएँ तथा  सुविधाओं में कमी की शिकायतों के लिए दोषी कर्मचारियों पर उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अगले वित्तीय वर्ष हेतु मंडल की लम्बित योजनाओं हेतु अनुमानित बजट एवं कार्य योजनाओं को पहले से तैयार रखने का निर्देश दिया। 

समीक्षा बैठक में चेयरमैन, रेलवे बोर्ड श्री विनय कुमार त्रिपाठी ने (वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से) जुड़कर वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न रेल ओवर ब्रिज एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की माँग के अनुसार प्लान बनाने हेतु निर्देश दिया। बैठक में  मंडल रेल प्रबंधक, श्री रामाश्रय पाण्डेय ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महाप्रबंधक को वाराणसी मंडल पर चल रही  विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से क्रमवार अवगत कराया।   

*अशोक कुमार*

जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी। 




Post a Comment

0 Comments