कोरोना : भारत के 19 राज्यों में अभी पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां, पर ये राज्य अब करेंगे अनलॉक


भारत में कोरोनावायरस की दूसरी लहर का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। इस बीच अब वे सभी राज्य जहां पूर्ण लॉकडाउन लगा है, वे अब धीरे-धीरे आर्थिक गतिविधियों को शुरु करने के लिए अनलॉक की प्रक्रिया की तरफ बढ़ने का ऐलान कर चुके हैं। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सबसे पहले बंदी खत्म करने की बात कह चुके हैं। हालांकि, कुछ राज्य अभी भी लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर रहे हैं। कुछ अन्य राज्यों में अभी संशय की स्थिति बनी है।

बता दें कि फिलहाल देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। इनमें तमिलनाडु ने तो लॉकडाउन 6 जून तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया, जबकि महाराष्ट्र ने भी प्रतिबंध जारी रखने की बात कही है। दूसरी तरफ पंजाब, नगालैंड और राजस्थान भी अभी बंदी लागू रखेंगे। हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में केसों में गिरावट के बीच लॉकडाउन खोलने का फैसला लिया जा सकता है।





Comments