बलिया। लोकबन्धु राजनारायण की पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने लोकभवन में लोकबन्धु की प्रतिमा लगवाने की घोषणा करने पर ब्रम्हर्षि भूमिहार ब्राह्मण बलिया के तरफ से समारोहपूर्वक आभार जताया गया। इसके लिए गुरुवार को नगर के चन्द्रावली होटल में ब्रम्हर्षि भूमिहार ब्राह्मण समाज की बैठक हुई। जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में भूमिहार समाज के लोग जुटे थे।
आभार जताने के लिए आयोजित बैठक के मुख्य अतिथि डॉ. जनार्दन राय ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाला भविष्य एकजुट रहने वाले भूमिहार समाज के मुठ्ठी में कैद है।
उन्होंने कहा कि 31 दिसम्बर को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर लोकबन्धु की विशाल प्रतिमा लोकभवन में स्थापित की जाएगी।
श्री राय ने कहा कि लोकभवन में राजनारायण जी की प्रतिमा लगे, इसके लिए नारद राय व उनकी पार्टी के संघर्ष में साथ देना होगा। कहा कि जो समाज अपने लिए संघर्ष नहीं करता, वह मिट जाता है। लोकबन्धु राजनारायण ने भी संघर्ष की बदौलत ही भारत की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनायी। उन्होंने राजनीति में जो कुछ भी दिया, उसे स्मरण करने के लिए लोकभवन में प्रतिमा का लगाया जाना आवश्यक भी था।
कहा कि लोकबन्धु का अक्स नारद राय में दिखता है। इन्होंने कभी अपनी जाति समाज को झुकने नहीं दिया। इनके हाथों को मजबूत कर भूमिहार समाज अपना सम्मान हासिल कर सकता है। जाति में आस्था रखना और जाति के उन्नयन के लिए कुछ करना गुनाह नहीं है। जातिवाद करना गुनाह है। इसलिए जाति की क्षमता को पहचान कर सम्मान के लिए संघर्ष करना शास्त्र सम्मत है। कहा कि भूमिहार ब्राह्मण समाज को अपने में आईं बुराइयों को दूर करने का सतत प्रयास करते रहना होगा।
अधिवक्ता उदयनारायण राय ने कहा कि पूर्व मंत्री नारद राय लोकबन्धु राजनारायण जी के पदचिन्हों पर चल रहे हैं। जिन्हें मजबूत करना ब्रम्हर्षि समाज का दायित्व है।
वरिष्ठ अधिवक्ता सम्पन्न राय ने कहा कि नारद राय के संघर्ष के कारण ही तानाशाही के विरुद्ध आवाज उठाने वाले राजनारायण जी की प्रतिमा लोकभवन में लगाए जाने की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया। ऐसे में अखिलेश यादव के साथ नारद राय भी बधाई के पात्र हैं। जितेंद्र राय ने कहा कि नारद राय विकास पुरूष हैं। इनके प्रयासों को अपने समाज का साथ चाहिए। जिससे ये समाज के मस्तक को ऊंचा कर सकें।
गौरीशंकर राय कन्या महाविद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र राय ने कहा कि लोकबन्धु राजनारायण को उचित सम्मान देने के लिए जिले का ब्रम्हर्षि समाज पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बधाई देता है।
अजित मिश्र ने कहा कि अखिलेश यादव के हम आभारी हैं। ब्रम्हर्षि समाज उनका ऋणी रहेगा।
पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि 1977 के चुनाव के हीरो लोकबन्धु राजनारायण जी थे। लेकिन वह पद उन्हें नहीं मिला, जो मिलना चाहिए था। कहा कि भूमिहार समाज में समाजवाद है। काशी विश्वनाथ मंदिर में राजनारायण जी ने दलितों को प्रवेश दिलाया। कहा कि मेरी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव जी के कथनी और करनी में अंतर नहीं है। उन्होंने लोकभवन में प्रतिमा लगाने की घोषणा की है तो यह मूर्त रूप जरूर लेगा। मैं अपने समाज की ओर से उनका आभार प्रकट करता हूं। खुशी की बात है कि आज के परिवेश में ब्रम्हर्षि समाज एकजुट हो रहा है।
बैठक में डॉ. मदन राय ने कहा कि जो समाज एकजुट नहीं रहता वह मिट जाता है। भूमिहार ब्राह्मण समाज का बेहतर इतिहास रहा है। हमें अपने इतिहास को याद रखते हुए भविष्य की रणनीति पर विचार करना चाहिए। कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा ही भूमिहारों के लिए आगे रही है।
डा. रामसुरेश राय ने कहा कि हमें अपने लोगों को मजबूत करने में पीछे नहीं रहना चाहिए। कहा कि महान किसान नेता दण्डी स्वामी सहजानन्द जी व लोकबन्धु जैसी विभूतियों के नाम पर एक ट्रेन तक नहीं चली है।
इस अवसर पर ब्रजकिशोर पांडेय, राजेन्द्र राय, अरविंद राय, डा. राम सुरेश राय, हरिनारायण राय, विजय राय, अनिल पांडेय, हरिशंकर राय, विवेकानंद राय, विनय सिंह, राजकुमार पांडेय आदि थे। अध्यक्षता ब्रम्हर्षि भूमिहार ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष विभव शंकर ठाकुर व संचालन परमात्मा पांडेय ने किया।
0 Comments