बलिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी बलिया मनीष कुमार सिंह ने जनपद के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत 16 जून 2026 से विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि विद्यालय खुलने के पहले दिन बच्चों का स्वागत उत्सवपूर्ण वातावरण में किया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बीएसए मनीष कुमार सिंह द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि विद्यालय खुलने से पूर्व समस्त विद्यालयों में व्यापक साफ-सफाई कराई जाए। कक्षा-कक्षों, फर्नीचर, आलमारियों तथा विद्यालय परिसर के सभी हिस्सों की विशेष रूप से सफाई एवं जांच की जाए। विद्यालय पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं का रोली एवं टीका लगाकर स्वागत किया जाए, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह का वातावरण बने।
उन्होंने विद्यालय प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अभिभावकों को विद्यालय खुलने की सूचना देते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही किसी भी जर्जर भवन में पठन-पाठन संचालित न किया जाए तथा ऐसे भवनों पर बड़े अक्षरों में “निष्प्रयोज्य भवन” अंकित कराया जाए।
बीएसए ने विद्यालयों में शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा मिड-डे-मील के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मिड-डे-मील के लिए रसोईघर की समुचित साफ-सफाई कराते हुए निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार कराया जाए तथा विद्यालय खुलने के प्रथम दिवस बच्चों को निर्धारित भोजन के अतिरिक्त यथासंभव मीठा व्यंजन भी उपलब्ध कराया जाए।
इसके अलावा सभी अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप नियमित पठन-पाठन संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालयों का संचालन किया जाएगा। वहीं परिषद के अधीन संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालयों में आवश्यक निर्णय लेने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति अधिकृत होगी।
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन एवं परिषद के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित कराई जाएं।


0 Comments