बलिया मंडल में बाइक रैली व डाक चौपाल का आयोजन, बचत और बीमा योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
बलिया। डाक विभाग की बचत, बीमा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को बलिया मंडल में ‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत बाइक रैली एवं डाक चौपाल का आयोजन किया गया। अधीक्षक डाकघर बलिया मंडल राजीव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं और आधुनिक डाक सेवाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतर्गत बाइक रैली उपडाकघर हल्दी से रवाना हुई। रैली बाबुबेल शाखा डाकघर एवं उपडाकघर मझौवा होते हुए गंगापुर शाखा डाकघर पहुंची, जहां डाक चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न बचत एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को डाक जीवन बीमा (पीएलआई), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई), सुकन्या समृद्धि योजना, आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (टीडी), मासिक आय खाता (एमआईएस), राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी), किसान विकास पत्र (केवीपी) और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) जैसी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से लोग अपनी बचत को सुरक्षित रखने के साथ ही भविष्य की आर्थिक जरूरतों के लिए बेहतर योजना बना सकते हैं। विशेष रूप से ग्रामीण परिवारों, महिलाओं और बालिकाओं को बचत एवं बीमा योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), आधार संबंधी सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट, पार्सल तथा अन्य डाक सेवाओं की जानकारी भी दी गई। लोगों को बताया गया कि वे अपने नजदीकी डाकघर के माध्यम से विभिन्न वित्तीय एवं डाक सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। अभियान का उद्देश्य डाकघर को ग्रामीण क्षेत्रों में बचत, बीमा, बैंकिंग और नागरिक सेवाओं के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करना भी रहा।
कार्यक्रम में निरीक्षक डाक, पूर्वी उपमंडल राहुल सिंह, पूर्वी उपमंडल के सभी उपडाकपाल, संबंधित शाखा डाकपाल, शाखा डाकपाल बिगही एवं कंचनपुर, नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए सहायक शाखा डाकपाल बघोंच स्नेहा सिंह सहित डाक विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर गंगापुर के ग्राम प्रधान रमेश यादव, जनप्रतिनिधि रिंकू गुप्ता तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहभागिता की। डाक चौपाल के दौरान ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक डाक विभाग की सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, बचत एवं बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया। ‘हर घर डाकघर’ अभियान के जरिए डाक विभाग ने ग्रामीण नागरिकों को उनके नजदीक ही सुविधाएं उपलब्ध कराने और वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


.jpg)

