बलिया : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा बीमा दावा एवं ऋण वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन


बलिया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा करनई  द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक की सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन तथा ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम के माध्यम से बैंक ने यह संदेश दिया कि वह केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर स्वर्गीय मंजू देवी, स्वर्गीय संजू देवी, स्वर्गीय  बीर बहादुर वर्मा एवं स्वर्गीय राजकुमार राजभर  के निधन उपरांत नॉमिनी  श्री नन्द जी राजभर,  श्री  देवेन्द्र राम ,श्रीमती शकुंतला देवी एवं श्रीमती रम्भा देवी क्रमशः को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के अंतर्गत ₹2-2 लाख की स्वीकृत बीमा दावा राशि का चेक बलिया के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुधीर कुमार शुक्ला द्वारा प्रदान किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि केंद्र सरकार की ये योजनाएं आमजन को न्यूनतम प्रीमियम में व्यापक सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती हैं तथा ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल देने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं।

कार्यक्रम के दौरान दावाकर्ता श्रीमती रम्भा देवी  द्वारा यह कहा गया कि  प्राप्त बीमा राशि उनकी   बेटी कि शादी में सहायक सिद्ध होगी। इस कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही। क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित किया गया तथा उन्हें बैंक द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उपस्थित ग्राहकों को बैंक के विभिन्न जमा योजनाओं, ऋण उत्पादों, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं बीमा योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुधीर कुमार शुक्ला, शाखा – करनई  के शाखा  प्रबंधक श्री विवेक श्रीवास्तव   सहित शाखा के कर्मचारीगण, ग्राहकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर यह विश्वास व्यक्त किया गया कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने एवं वित्तीय समावेशन को गति देने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।