बलिया : रेडक्रॉस सोसायटी की एजीएम में सदस्यता अभियान पर जोर


बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी की वार्षिक सामान्य बैठक (एजीएम) विकास भवन सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला समन्वयक एवं कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र पाण्डेय ने पीपीटी के माध्यम से रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से कराए जा रहे कार्यक्रमों और सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत किए गए कार्यों से भी अवगत कराया। बताया गया कि मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की पहल पर रेडक्रॉस के संरक्षक सदस्य सरदार जितेन्द्र सिंह (मंजीत सिंह एंड कम्पनी) द्वारा 12 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को नि:शुल्क व्हीलचेयर प्रदान की गई हैं।


जिलाधिकारी ने रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान में सभी विभागों का सहयोग लिया जाए। साथ ही अल्ट्रासाउंड सेंटर, पैथालॉजी सेंटर, नर्सिंग होम और मेडिकल स्टोरों को भी अभियान से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक के यहां से प्राप्त होने वाले शुल्क को नियमित किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी सहित अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने डॉ. रियाज अहमद को रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता का प्रमाण पत्र प्रदान किया।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुजीत यादव, एसीएमओ डॉ. आनंद कुमार, डॉ. योगेन्द्र दास, रेडक्रॉस सचिव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मंजू रानी, डॉ. अभिषेक मिश्रा, बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीओ, डीपीएम, केके पाठक, आशुतोष राय, रविशंकर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेडिकल अधीक्षक, रेडक्रॉस के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।