बलिया : जनसुनवाई में जमीन कब्जे की शिकायत पर डीएम सख्त, तहसीलदार को जांच के निर्देश


धर्मपुरा निवासी ने आराजी संख्या 90 व 61 पर कब्जे के प्रयास का लगाया आरोप, डीएम ने तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में धर्मपुरा निवासी रमाशंकर राजभर ने प्रार्थना पत्र देकर अपनी जमीन पर कब्जे के प्रयास की शिकायत जिलाधिकारी से की।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को बताया कि आराजी संख्या 90 एवं 61 में उनका रिहायशी मकान स्थित है, जहां वह अपने परिवार के साथ लंबे समय से निवास कर रहे हैं। आरोप है कि धर्मपुरा निवासी चंद्रशेखर द्वारा मारपीट कर उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए अपनी जमीन एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार सदर को प्रकरण की जांच कर तथ्यों की पड़ताल करने तथा नियमानुसार तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान किया जाए।