बलिया : रसड़ा में 28 को वृहद रोजगार मेला, 30 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी


बलिया। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में 28 सितंबर 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला आशीर्वाद धर्मशाला, श्रीनाथ जी मठ, रसड़ा में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें देशभर की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोक्ता प्रतिभाग कर अभ्यर्थियों का नि:शुल्क चयन करेंगे।

मेले में 30 से अधिक कंपनियों और नियोक्ताओं की ओर से विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन और ईवी तिपहिया चालक सहित कई पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक सीटीसी मिलने का अवसर होगा।

मेले में प्रमोकाश आउटसोर्सिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, अतुल ऑटो, पिलपकार्ट, केल्विन पाइप, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक, ब्लिंकिट, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, महिंद्रा, बीआईएस सिक्योरिटी गार्ड, क्वेस कॉरपोरेशन, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, एमआरएफ टायर्स, लांड्री मेट, हिंदाल्को रेनुकूट, सुब्रोस और खेतीहर ऑर्गेनिक सहित अन्य कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।

*दुबई में भी रोजगार का अवसर*

रोजगार मेले में BVG इंडिया सर्विसेज की ओर से दुबई (यूएई) में रोजगार के लिए भी रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इसमें स्टील फिक्सर, शटरिंग कारपेंटर, प्लास्टर मेसन और कंस्ट्रक्शन हेल्पर जैसे पदों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे।

*आठवीं पास से स्नातक तक कर सकते हैं प्रतिभाग*

मेले में आठवीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, कौशल प्रशिक्षित, कंस्ट्रक्शन वर्कर तथा अकुशल श्रमिक समेत विभिन्न योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप कंपनियों में आवेदन करना होगा।

अभ्यर्थियों को 28 सितंबर को सुबह 10 बजे मेला स्थल पर अपने सभी शैक्षिक योग्यताओं के मूल प्रमाण-पत्रों और उनकी छायाप्रतियों के साथ पहुंचना होगा। मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। नियोक्ताओं की रिक्तियों से संबंधित विवरण रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 155330 हेल्पलाइन नंबर अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।