बलिया : साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को सहतवार पुलिस ने लौटाए 12,594 रुपये


76 हजार रुपये की हुई थी धोखाधड़ी, साइबर हेल्पडेस्क की पहल पर मिली आंशिक धनराशि वापस

बलिया। साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई धनराशि में से 12,594.42 रुपये वापस कराकर सहतवार पुलिस ने पीड़ित को राहत पहुंचाई है। पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने संबंधित बैंकिंग संस्थाओं और तकनीकी माध्यमों से समन्वय स्थापित कर फ्रॉड की धनराशि को होल्ड कराया और मनी रेस्टोरेशन पोर्टल (MRM) के माध्यम से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106(3) के तहत 22 अक्टूबर 2026 को पीड़ित के बैंक खाते में धनराशि वापस कराई।

पुलिस के अनुसार, सहतवार थाना क्षेत्र के आसमान ठोठा निवासी बीरबहादुर चौहान पुत्र राजनाथ चौहान के इंडसइंड बैंक खाते से 26 दिसंबर 2025 को 76,000 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की गई थी। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलने के बाद थाना सहतवार की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने मामले में कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंकिंग संस्थाओं से संपर्क कर तकनीकी माध्यमों से धोखाधड़ी की गई धनराशि में से 12,594.42 रुपये होल्ड कराए गए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत 22 अक्टूबर 2026 को उक्त धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

अपनी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित बीरबहादुर चौहान ने बलिया पुलिस और थाना सहतवार की पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रशान्त चौधरी, उपनिरीक्षक सुधाकर, मुख्य आरक्षी नन्दलाल, आरक्षी शिव प्रसाद और महिला आरक्षी कल्पना शर्मा शामिल रहे।