बलिया में जिले के प्रथम फिलेटली क्लब का शुभारंभ, 1176 विद्यार्थियों ने ‘ढाई आखर’ प्रतियोगिता में लिया भाग


बलिया। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत 12 अक्टूबर को बलिया मंडल के समस्त डाकघरों में ‘फन विद फिलेटली डे’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बलिया में जिले के प्रथम फिलेटली क्लब का शुभारंभ अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को डाक टिकट वितरित कर फिलेटली यानी डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।


राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित ‘ढाई आखर’ प्रतियोगिता में कुल 1176 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सनबीम स्कूल, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, जे.जे.के. सरस्वती ज्ञान मंदिर, संत पुष्पा इंटर कॉलेज, डॉ. रामविचार रामरथी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, के.बी. पब्लिक स्कूल और बैरिया के विद्यार्थियों ने धरती माता की रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने विचारों को शब्दों में व्यक्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में पत्र लेखन की परंपरा को प्रोत्साहित करने, अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने तथा डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किए जाने का प्रावधान है।


इस क्रम में किडजी स्कूल, बलिया और सन फ्लावर स्कूल, रसड़ा के विद्यार्थियों ने प्रधान डाकघर का भ्रमण कर डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं, बलिया प्रधान डाकघर में ‘माई स्टाम्प’ काउंटर भी स्थापित किया गया है, जहां लोग अपनी तस्वीर वाला व्यक्तिगत डाक टिकट बनवा सकते हैं। डाक विभाग की इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को डाक सेवाओं से जोड़ने के साथ ही डाक टिकट संग्रह तथा पत्र लेखन जैसी परंपराओं को बढ़ावा देना है।