बलिया। आज दिनांक 02/09/26 दिन बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी सभागार में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार की उपस्थिति में नेत्रदान पखवाड़े का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम मे नेत्रदान के लिए आम जनमानस को जागृत किया और कहा कि नेत्रदान एक अनमोल दान है जो किसी को अंधेरे से रोशनी की तरफ ले जाता है।
जिला दृष्टिहीनता अधिकारी डॉ. योगेन्द्र दास ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने स्वेच्छा से अपना नेत्रदान कर सकता है, इसके लिए जनपद के नेत्र विभाग में एक फार्म भरकर रजिस्टर्ड करना पड़ता है तथा मृत्यु के पश्चात 6 घंटे के अन्दर नेत्र सर्जन की टीम द्वारा रजिस्टर्ड व्यक्ति के कॉर्निया को पहले से रजिस्टर्ड आंखों के मरीज को कार्निया ट्रांसप्लांट (प्रत्यारोपित) किया जाता है।
डॉ. दास ने बताया कि यह 41 वां नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जा रहा है, यह पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर तक चलाया जाएगा।
वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जनपद में नेत्र की बीमारियों के लिए निशुल्क नेत्र चिकित्सीय सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर डॉ. अरविन्द चौधरी, डॉ. अभिषेक मिश्रा, नेत्र परीक्षण अधिकारी विमल कुमार गुप्ता, मनीष कुमार, सुषमा यादव, आकांक्षा गुप्ता, जिला समन्वयक रेडक्रॉस शैलेन्द्र पाण्डेय, डीपीए रविशंकर तिवारी, शैलेश कुमार, धीरज, आशुतोष सिंह, गोपाल यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

