बलिया : उफनती गंगा-सरयू से बढ़ी बेचैनी, जलस्तर में बढ़ाव से प्रशासन अलर्ट


गंगा-सरयू के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर, बाढ़ नियंत्रण कक्ष से लगातार हो रही निगरानी

बलिया। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से जारी नदी जलस्तर एवं वर्षा के प्रतिवेदन के अनुसार जिले में गंगा और सरयू (घाघरा) नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभिन्न गेज स्थलों पर दर्ज जलस्तर में कई स्थानों पर बढ़ाव की प्रवृत्ति दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी के बक्सर गेज स्थल पर जलस्तर 60.320 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गायघाट (तूर्तीपार) डीएसपी हेड पर खतरा बिंदु 57.615 मीटर निर्धारित है। यहां जलस्तर 60.390 मीटर दर्ज किया गया और नदी की प्रवृत्ति बढ़ाव की बताई गई है। इस क्षेत्र में वर्षा 11 मिलीमीटर दर्ज की गई है तथा कुल वर्षा 630.6 मिलीमीटर बताई गई है।

सरयू (घाघरा) नदी के डीएसपी हेड गेज स्थल पर खतरा बिंदु 64.010 मीटर है। यहां जलस्तर 64.17 मीटर दर्ज किया गया। चांदपुर गेज स्थल पर जलस्तर 58.56 मीटर, जबकि मांझी गेज स्थल पर 55.90 मीटर दर्ज किया गया। वहीं टोंस नदी के पिपरा घाट गेज स्थल पर जलस्तर 60.80 मीटर दर्ज किया गया है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा नदियों के जलस्तर और उनकी प्रवृत्ति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन एवं सिंचाई विभाग की टीमें जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव की नियमित निगरानी कर रही हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।