*ददरी मेला-2026 के लिए भूमि खरीद, डंपिंग ग्राउंड और मृत पशुओं के विद्युत शवदाह को मंजूरी*
बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया की बोर्ड बैठक मंगलवार को पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बोर्ड के समक्ष कुल 22 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिनमें 21 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इनमें ददरी मेला-2026 के आयोजन के लिए भूमि क्रय, शहर में कूड़ा डंपिंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि खरीदने, मृत पशुओं के निस्तारण के लिए विद्युत शवदाह हेतु भूमि लीज पर लेने तथा स्वकर निर्धारण प्रणाली के तहत संशोधित दरों के अंतिम प्रकाशन जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
इसी क्रम में वार्ड नंबर-10 का नाम ‘संत गणिनाथ नगर’, अग्रवाल धर्मशाला से शास्त्री नगर जाने वाली गली का नाम ‘स्वतंत्रता सेनानी पंडित जगमोहन शुक्ला मार्ग’ तथा बनकटा मोहल्ले का नाम ‘राजा बलि नगर’ किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
*कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि खरीदने पर सहमति*
शहर में लंबे समय से चली आ रही कूड़ा डंपिंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि क्रय करने का प्रस्ताव भी बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित किया। इसके साथ ही मृत पशुओं के उचित एवं वैज्ञानिक निस्तारण के लिए विद्युत शवदाह हेतु भूमि लीज पर लेने को भी हरी झंडी दी गई।
*ददरी मेला के लिए भूमि खरीद को मंजूरी*
बैठक का प्रमुख प्रस्ताव ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 के आयोजन के लिए नगर पालिका द्वारा भूमि क्रय करने का रहा। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। भूमि की व्यवस्था होने से आगामी ददरी मेले के आयोजन को लेकर पालिका की तैयारियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में सभासद संगीता देवी, मधुलिका गुप्ता, अनन्या यादव, काजल सोनी, निधि गुप्ता, गीता देवी, अशोक कुमार सिंह, ललित कुमार, धर्मभारती, अमित कुमार दूबे, मुकेश यादव, सूरज तिवारी, प्रेरक गुप्ता, मनोनीत सभासद सुमन सिंह, रीता पाण्डेय, अजीत कुमार वर्मा एवं हृदयनारायण गुप्ता सहित पालिका के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


