बलिया में गंगा और सरयू का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट

बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने जारी किया ताजा आंकड़ा

बलिया। जनपद में गंगा और सरयू (घाघरा) नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड, बलिया, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा जारी नदी जलस्तर एवं वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार 27 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न गेज स्थलों पर नदियों के जलस्तर में बदलाव दर्ज किया गया।

गायघाट में गंगा का जलस्तर सुबह 58.29 मीटर से बढ़कर शाम चार बजे 58.36 मीटर पहुंच गया। यहां खतरा बिंदु 57.615 मीटर निर्धारित है। इस प्रकार गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। वहीं बक्सर गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर 58.86 मीटर से बढ़कर 58.87 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरा बिंदु 60.320 मीटर है।

सरयू (घाघरा) नदी के डीएसपी हेड पर जलस्तर सुबह 64.06 मीटर से घटकर शाम को 64.04 मीटर दर्ज हुआ। यहां खतरा बिंदु 64.010 मीटर है। चाॅदपुर में सरयू का जलस्तर 58.49 मीटर से बढ़कर 58.51 मीटर तथा मांझी में 55.50 मीटर से बढ़कर 55.52 मीटर पहुंच गया। चाॅदपुर का खतरा बिंदु 58.00 मीटर और मांझी का 55.150 मीटर निर्धारित है।

प्रतिवेदन के अनुसार गंगा के गायघाट क्षेत्र में वर्षा भी दर्ज की गई है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग द्वारा नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से लोगों से सतर्क रहने तथा नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की गई है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष बलिया के अनुसार नदियों के जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव पर नजर रखी जा रही है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।