टाटा मोटर्स, कमिंस, एक्साइड, एयरटेल समेत कई नामी कंपनियां करेंगी भर्ती, हाईस्कूल से आईटीआई व स्किल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
बलिया। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, बलिया की ओर से 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को प्रातः 9 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बलिया परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में टाटा मोटर्स (पंतनगर, अहमदाबाद, पुणे एवं जमशेदपुर), कमिंस इंडिया लिमिटेड (पुणे), एक्साइड बैटरी (बेंगलुरु), एयरटेल ब्रॉडबैंड (लखनऊ), पी एंड जी प्राइवेट लिमिटेड (सिकंदराबाद), आईएफबी इंडस्ट्रीज लिमिटेड (बेंगलुरु) तथा प्रोपेल इंडस्ट्रीज (बेंगलुरु) सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी।
चयनित अभ्यर्थियों को 16,000 रुपये से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त संबंधित कंपनियों की सेवा शर्तों के अनुसार अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई उत्तीर्ण तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने सीवी/बायोडाटा, सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां एवं छायाप्रतियां लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बलिया पहुंचें।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, बलिया ने जिले के अधिक से अधिक पात्र एवं योग्य युवाओं से रोजगार मेले में भाग लेकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।


0 Comments