*विधायक केतकी सिंह के प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने बांटे कैशलेस चिकित्सा कार्ड*
बांसडीह (बलिया)। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बुधवार को बांसडीह इंटर कॉलेज परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मियों ने भाग लिया और योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना इसी सोच का परिणाम है, जिससे शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) अनूप कुमार त्रिपाठी ने सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी की खरीद के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ-साथ विद्यार्थियों को समय पर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ने लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता) किया है। इसके माध्यम से शिक्षकों और कर्मचारियों को विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं के साथ सुरक्षा संबंधी लाभ भी प्राप्त होंगे।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक दिनेश मौर्य ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की पूरी प्रक्रिया, पात्रता, कार्ड के उपयोग और अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना आकस्मिक स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों में आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष जय प्रकाश, के.के. सिंह, एहशानुल हक, कौशल सिंह, मनिन्दर सिंह, वंदना गुप्ता, प्रियंका चौबे, रेखा पाण्डेय, मुदुल कुमार, मनीष कुमार सिंह, संजीव, विशाल, विजय, अवधेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता संदेश के साथ हुआ।


0 Comments