एमएलसी रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने बताया लोकतंत्र का महान प्रहरी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
बलिया। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, प्रखर समाजवादी चिंतक एवं जननायक स्वर्गीय चंद्रशेखर की 19वीं पुण्यतिथि बुधवार को चंद्रशेखर उद्यान में शेखर फाउंडेशन एवं चंद्रशेखर विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में सर्वधर्म प्रार्थना सभा के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर जननायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जननायक चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद रविशंकर सिंह 'पप्पू' ने कहा कि चंद्रशेखर केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के ऐसे युगपुरुष थे जिन्होंने अपने सार्वजनिक और निजी जीवन में सिद्धांतों, सादगी और ईमानदारी की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण आज भी प्रत्येक जनप्रतिनिधि और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सत्ता से अधिक सिद्धांतों को महत्व दिया और अपना संपूर्ण जीवन अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान तथा भारत के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित कर दिया।
चंद्रशेखर विचार मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि जननायक चंद्रशेखर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों, संघर्ष और राष्ट्रवादी सोच को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर मनोज सिंह, उत्कर्ष सिंह, पूर्व चेयरमैन श्याम बहादुर सिंह, उमाशंकर पाठक, दिनेश सिंह, अखिलेश सिन्हा, अमित सिंह बघेल, विवेक सिंह, तेजा सिंह, जितेंद्र सिंह, भानुप्रकाश सिंह 'बबलू', सम्राट कुंवर, हरि सिंह, दीनबंधु सिंह, अजीत सिंह, शिवजी सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने किया नमन
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दानिश आजाद अंसारी ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि चंद्रशेखर भारतीय राजनीति के ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा को सदैव सर्वोपरि रखा। उनका जीवन राजनीतिक शुचिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वहीं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर का सादा जीवन, स्पष्ट सोच और गरीबों, किसानों तथा वंचित वर्गों के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और सिद्धांतों का अनुसरण कर ही एक मजबूत, समृद्ध, आत्मनिर्भर और लोकतांत्रिक भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश उनके अमूल्य योगदान को सदैव कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करता रहेगा।




0 Comments