30 अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों पर हुई चर्चा, मुख्य सचिव बोले— दहेज मुक्त भारत की दिशा में प्रेरणादायक पहल
चंडीगढ़। दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से कार्यरत राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन के 51 हजार जोड़ों के प्रस्तावित दहेज-मुक्त सामूहिक विवाह अभियान को पंजाब सरकार का समर्थन मिला है। पंजाब के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद (आईएएस) ने चंडीगढ़ सचिवालय में मिशन के संस्थापक निदेशक एवं संयुक्त पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र कुमार गुप्ता से मुलाकात कर इस सामाजिक पहल की सराहना की।
बैठक में 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित मान्यवर श्री कांशीराम सांस्कृतिक स्थल पर प्रस्तावित 51 हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों, उद्देश्य और विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मिशन की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि दहेज प्रथा के खिलाफ व्यापक सामाजिक जागरूकता पैदा करना, बेटियों को सम्मान दिलाना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने मिशन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर दहेज-मुक्त सामूहिक विवाह का आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहल दहेज जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनजागरण को नई दिशा देगी और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि बेटियों को सम्मानपूर्वक और दहेज-मुक्त विदा करना समय की आवश्यकता है। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले ऐसे प्रयासों को व्यापक सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
मिशन के संस्थापक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने मुख्य सचिव के समर्थन और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक परिवर्तन का अभियान है, जिसका उद्देश्य हजारों परिवारों को दहेज के आर्थिक बोझ से राहत दिलाना और समाज में समानता एवं भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को देश के विभिन्न राज्यों से लगातार समर्थन मिल रहा है और मिशन का प्रयास है कि यह आयोजन सामाजिक सुधार का राष्ट्रीय संदेश बनकर उभरे।
बैठक के दौरान मिशन के वरिष्ठ पदाधिकारी विनय कुमार यादव, विनोद सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।


0 Comments