*हरित उत्तर प्रदेश की ओर एक और कदम, बलिया में 39.02 लाख पौधों का रोपण*
*एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिला बल, दयाशंकर सिंह ने की पौधा लगाने की अपील*
*वृक्षारोपण केवल अभियान नहीं, आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी : दयाशंकर सिंह*
बलिया। विकास खण्ड दुबहड़ के अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा (प्रतापपुर कला) स्थित श्री गरीबनाथ महादेव मंदिर परिसर में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया।
कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, वन विभाग के नोडल अधिकारी नीतीश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने-अपने नाम से पौधारोपण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने परिवहन मंत्री को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया गया।
परिवहन मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि जनपद बलिया में विभिन्न स्थानों पर 39,02,300 पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक लगभग ढाई सौ करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि जिले में सड़क निर्माण और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जैसी विकास परियोजनाओं के दौरान बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हुई है। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि जितने पेड़ कटे हैं, उससे दोगुने पौधे लगाए जाएं, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी बच्चों की तरह देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाया है, जिसे आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई। वहीं वन विभाग की ओर से मंत्री सहित अन्य अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, वन विभाग के नोडल अधिकारी नीतीश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एडीएम अभिनेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जय प्रकाश शाहू सहित अन्य जनप्रतिनिधी, प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






0 Comments