“स्वस्थ बलिया-योगमय बलिया” के संकल्प के साथ प्रशासन ने शुरू की व्यापक तैयारियां, जिले भर में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम


*21 जून को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में गूंजेगा योग का संदेश, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज*

*जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, तहसील से ग्राम पंचायत तक होंगे योग कार्यक्रम*

बलिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग दिवस का आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले की सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत अधिकारी को ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा जिला विकास अधिकारी को सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि योग दिवस का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि 21 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिलाधिकारी ने जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को निर्देश दिया कि जिले की सभी तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर होर्डिंग्स एवं जनजागरूकता सामग्री लगवाई जाए। उन्होंने कहा कि योग दिवस को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




Post a Comment

0 Comments