इण्डियन रेड क्रॉस सोसायटी बलिया ने नए उपाध्यक्ष डॉ. अभय नारायण राय का किया स्वागत


मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में आयोजित समारोह में पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिनंदन, जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने पर दिया जोर

बलिया। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, बलिया द्वारा नव नियुक्त उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय के सम्मान में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ एवं बुके भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

समारोह में रेड क्रॉस सोसायटी के सभापति विजय शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं जिला समन्वयक शैलेन्द्र पाण्डेय, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री विनोद कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशुतोष राय सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने डॉ. अभय नारायण राय का अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने उनके नेतृत्व में रेड क्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने की आशा व्यक्त की।


अपने संबोधन में डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी मानव सेवा, आपदा प्रबंधन और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रेड क्रॉस के स्वयंसेवक हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर जनसेवा का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य है और इस दिशा में सभी के सहयोग से कार्यों को और गति प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस परिवार से उन्हें जो सम्मान और स्नेह मिला है, वह उनके लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वह स्वयंसेवक की भावना से रेड क्रॉस के हर मानवीय और सामाजिक कार्य में सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने समाज के कमजोर, जरूरतमंद और आपदा प्रभावित लोगों के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान भी किया।


कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसायटी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, रक्तदान शिविरों तथा आपदा राहत गतिविधियों को और व्यापक बनाने पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार, डॉ. पद्मावती गौतम, डॉ. मंजू रानी, डॉ. योगेन्द्र दास, जिला प्रशासनिक अधिकारी योगेश पाण्डेय, डीपीएम राजशेखर, रविशंकर तिवारी, नितेश पाठक, आलोक कुमार विसेन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, रेड क्रॉस पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


स्वागत समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।



Post a Comment

0 Comments